छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत दलहन-तिलहन खरीदी हेतु 28 फरवरी 2026 तक करा सकते हैं फसलों का पंजीयन 

जांजगीर-चांपा, 20 फरवरी 2026/sns/- प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा) अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 एवं रबी विपणन वर्ष 2026-27 में दलहन एवं तिलहन फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु पंजीयन की तिथि 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अरहर (₹8000 प्रति क्विंटल), मूंग (₹8768 प्रति क्विंटल), उड़द (₹7800 प्रति क्विंटल), मूंगफली (₹7263 प्रति क्विंटल) एवं सोयाबीन (₹5328 प्रति क्विंटल) को अधिसूचित किया गया है। अरहर की उपार्जन अवधि 15 मई 2026 तक रहेगी, वहीं मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन की संशोधित उपार्जन अवधि 24 अप्रैल 2026 तक निर्धारित है। वहीं रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना (₹5875 प्रति क्विंटल), मसूर (₹7000 प्रति क्विंटल) एवं सरसों (₹6200 प्रति क्विंटल) की खरीदी की जाएगी। चना एवं मसूर की उपार्जन अवधि 1 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक तथा सरसों की 15 फरवरी 2026 से 15 मई 2026 तक निर्धारित की गई है।
 इन सभी फसलों की खरीदी हेतु जिला जांजगीर-चांपा अंतर्गत 4 उपार्जन केंद्र एवं संबध्द भंडारण केंद्र अधिसूचित किये गए हैं- सेवा सहकारी समिति, जांजगीर एवं छत्तीसगढ राज्य गोदाम केरा रोड, सेवा सहकारी समिति, अकलतरा एवं छत्तीसगढ़ राज्य गोदाम-अकलतरा-1, सेवा सहकारी समिति, पामगढ़ एवं छत्तीसगढ़ राज्य गोदाम-अकलतरा-2 एवं सेवा सहकारी समिति बम्हनीडीह एवं छत्तीसगढ़ राज्य गोदाम-सारागांव एवं जगदल्ला चांपा। योजनांतर्गत शासन द्वारा पंजीकृत कृषकों से चना-6 क्विंटल प्रति एकड़, मसूर 2 क्विंटल प्रति एकड़ एवं सरसों-5 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। केवल पंजीकृत कृषकों से ही न्यूनतम मूल्य पर इन फसलों के क्रय किये जाने का प्रावधान है। एकीकृत किसान पोर्टल पर कृषकों के पंजीयन की तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
कृषक पोर्टल पर पंजीयन हेतु किसान भाई मोबाईल नम्बर, आधार कार्ड एवं ऋण पुस्तिका, बी-1, पी-II, बैंक पासबुक की छायाप्रति के साथ अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं अधिसूचित सेवा सहकारी समिति प्रबंधक से संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *