छत्तीसगढ़

NH-343 पर निर्माण और मरम्मत कार्य तेज, आवागमन पूरी तरह सुचारु रूप से जारी


अंबिकापुर, 28 जनवरी 2026/sns/-  रामानुजगंजदृगढ़वा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 की तस्वीर जल्द ही बदली हुई नजर आएगी। मार्ग के सुधार एवं उन्नयन के लिए तीन प्रमुख परियोजनाओं के तहत निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। संबंधित विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों के बावजूद आम नागरिकों की आवाजाही पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है।

तीन चरणों में हो रहा है राजमार्ग का विकास
राजमार्ग उन्नयन कार्य को तीन प्रमुख हिस्सों में विभाजित किया गया है- रजपुरी खुर्द से पस्ता (पाड़ी) खंड परियोजनादृ01 के तहत इस हिस्से में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। शुरुआती चरण में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी थी, लेकिन निर्माण एजेंसी ने अब काम में तेजी लाने का आश्वासन दिया है।

बड़की महरी से रामानुजगंज खंड परियोजनादृ03 के अंतर्गत इस हिस्से में निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। विभाग के अनुसार, निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए संसाधनों और मशीनरी की संख्या बढ़ाई गई है।

अम्बिकापुर से रजपुरी खुर्द खंड-इस खंड के लिए फिलहाल नए निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1.87 करोड़ रुपये की लागत से विशेष मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे सड़क की वर्तमान स्थिति में सुधार लाया जा सके।

जलभराव की खबरों पर विभाग का स्पष्टीकरण

हाल ही में दैनिक समाचार के माध्यमों में सड़क पर जलभराव की खबर प्रकाशित हुई थीं। इस पर विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्राम परसा क्षेत्र में जल संसाधन विभाग के डैम गेट में आई तकनीकी खराबी के कारण पानी सड़क तक पहुंच गया था। यह एक अस्थायी स्थिति थी और संबंधित विभाग द्वारा समस्या का निराकरण किया जा रहा है।

यात्रियों को नहीं हो रही असुविधा
प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि राजमार्ग पर कहीं भी यातायात बाधित नहीं है। निर्माण और मरम्मत कार्यों के दौरान वैकल्पिक व्यवस्थाओं और यातायात प्रबंधन के माध्यम से आवागमन निर्बाध रखा गया है। वर्तमान में मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *