छत्तीसगढ़

एडीएम एवं जिला पंचायत सीईओ ने ली समय-सीमा की बैठक

विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की हुई विस्तृत समीक्षा

मुंगेली, 28 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की विभागवार विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान एडीएम ने नगरीय निकाय अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन आवासों की धीमी प्रगति पर लोरमी के संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए क्रियान्वयन में तेजी लाने निर्देशित किया। जिला पंचायत सीईओ ने स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में धीमी प्रगति पाए जाने पर पथरिया एवं मुंगेली जनपद पंचायत सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
एडीएम ने धान खरीदी एवं उठाव की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) की स्थिति और धान उठाव की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी ली तथा उठाव कार्य में तेजी लाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने निर्देशित किया कि धान खरीदी कार्य पर विशेष रूप से नजर रखी जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि वास्तविक किसानों से वास्तविक मात्रा में धान खरीदी का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों का रकबा समर्पण अनिवार्य रूप से कराया जाए। सीईओ ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समितियों में जाकर धान खरीदी, रकबा समर्पण एवं सत्यापन आदि से संबंधित आंकड़ों का नियमित अवलोकन करें। साथ ही उन्होंने नोडल अधिकारियों को आगामी तीन दिनों के भीतर अपने-अपने निर्धारित समितियों का भ्रमण कर खरीदी प्रक्रिया की निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग, आधार सीडिंग एवं भौतिक सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई तथा बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रीष्मकालीन धान के रकबे में कमी लाने हेतु तैयार की गई कार्ययोजना एवं रणनीति की जानकारी ली गई। चिप्स विभाग को निर्देशित किया गया कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार पंजीयन निर्धारित शेड्यूल के अनुसार शिविर आयोजित कर सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी एवं प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान अंतर्गत महिलाओं का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही बच्चों के टीकाकरण, आभा आईडी, प्रधानमंत्री वय वंदन योजना, एनसीडी स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी ने जिले में कुपोषण की स्थिति तथा टेक होम राशन (टीएचआर) एवं पूरक पोषण आहार वितरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर टीएचआर वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा लक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार पीएम जनमन, पीएमजीएसवाय आदि योजनाओं की समीक्षा कर लक्षित प्रगति लाने निर्देशित किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, एसडीएम लोरमी श्री अजीत पुजारी, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *