मुंगेली, 25 नवंबर 2025/sns/- शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है। टोकन वितरण को लेकर किसानों के बीच बनी आशंकाओं को दूर करते हुए जिला प्रशासन ने स्पश्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब भूमि आधारित टोकन की संख्या तय होगी।
जिला खाद्य अधिकारी श्री हुलेश डड़सेना ने बताया कि 02 एकड़ तक खेती करने वाले किसान 01 टोकन में पूरा धान बेच सकेंगे। 02 एकड़ से अधिक तथा 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को 02 टोकन प्रदान किए जाएंगे। 10 एकड़ से अधिक वाले किसानों को 03 टोकन उपलब्ध होंगे, जिनके माध्यम से उन्हें उपार्जन केंद्र में धान विक्रय करना होगा। उन्होंने बताया कि किसान ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल एप के जरिए प्रतिदिन सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक आनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप डाउनलोड कर आसानी से टोकन जनरेट किया जा सकता है।
टोकन वितरण में 70ः30 अनुपात निर्धारित
टोकन वितरण में 70ः30 का अनुपात निर्धारित किया गया है। 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप से तथा 30 प्रतिशत टोकन समितियों के माध्यम से वितरित होंगे। जो किसान मोबाइल का उपयोग नहीं कर पाते, वे अपनी सहकारी समिति में जाकर आनलाइन टोकन जेनरेट करवा सकते हैं। कलेक्टर ने किसानों से आग्रह किया है कवे बिना किसी भ्रम के निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर समय पर धान विक्रय करें।

