मुंगेली, 25 नवंबर 2025/sns/- शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले भर में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और किसान-हितैषी तरीके से जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 66 समितियों के 105 उपार्जन केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। खरीदी केन्द्रों में सुव्यवस्थित व्यवस्था से किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच रहे हैं और उन्हें सरकारी सुविधाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है, जिससे किसानों में आत्मविश्वास और शासन के प्रति भरोसा बढ़ा है। धान खरीदी की पारदर्शी प्रक्रिया से किसानों को फसल उत्पादन से लेकर विक्रय तक हर स्तर पर सुरक्षा और सम्मान भी प्रदान करती हैं।
इसी कड़ी में मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम सोढ़ार के किसान श्री विक्रम सिंह ने बताया कि उन्होंने उपार्जन केंद्र धरमपुरा में 207 क्विंटल से अधिक धान विक्रय किया। धान विक्रय के बाद उन्होंने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए बताया कि टोकन प्रक्रिया पूरी तरह सरल और सहज है, जिससे उन्हें कतार या किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। खरीदी केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल प्रणाली होने से तौल में पारदर्शिता और सटीकता बनी रहती है। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले बारदानों ने किसानों के धान की सुरक्षा सुनिश्चित की है। शासन द्वारा किसानों के लिए छाया, पेयजल, पेयजल और बैठने की व्यवस्था ने खरीदी प्रक्रिया को आरामदायक बना दिया है। उन्होंने कहा कि यह सारी सुविधाएँ न केवल धान खरीदी को आसान बनाती हैं, बल्कि किसानों में शासन और प्रशासन के प्रति भरोसा भी मजबूत करती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

