सुकमा, 29 अगस्त 2025/sns/- जिला पंचायत सुकमा में आज बिहान योजना के तहत संभावित “लखपति दीदी” को सशक्त बनाने और उनकी आय वृद्धि की कार्ययोजना पर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आई दीदियों की आजीविका गतिविधियों और आय पर चर्चा की गई। कृषि, गैर-कृषि, वनोपाज एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की आय को 1 लाख से अधिक करने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ठाकुर ने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों की दीदियों को ऋण उपलब्ध कराने में तेजी लाई जाए। लोकोस प्रोफाइल एंट्री कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाये। आरएफ/सीआईएफ की राशि समय पर जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में जिले से डीएमएम श्री सत्यप्रकाश तिवारी, डीपीएम श्री महेंद्र सिंह चौहान, जनपद के विकासखंड समन्वयक, एरिया को-ऑर्डिनेटर और पीआरपी उपस्थित रहे।

