छत्तीसगढ़

रैम्प योजना अंतर्गत उद्योग एवं बैंकर्स मीट 31 जुलाई को

कवर्धा, 29 जुलाई 2025/sns/- जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कार्यालय के तत्वावधान में रैम्प (त्।डच्) योजना अंतर्गत एमएसएमई उद्यमियों के लिए इंडस्ट्री एवं बैंकर्स मीट का आयोजन 31 जुलाई को पूर्वान्ह 11 बजे से जिला पंचायत सभाकक्ष, कवर्धा में किया जाएगा। यह बैठक मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला कबीरधाम की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, राईस मिल संघ, फ्लाई ऐश ब्रिक्स संघ, गुड़ इकाई मालिक संघ, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक सहित जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधक, सीए, एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी जैसे कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मछलीपालन, अंत्यावसायी, खादी एवं ग्रामोद्योग, नगर पालिका, जनपद पंचायतों के सीईओ, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी, पोस्ट मास्टर और जिले के सभी डीआरपी उपस्थित रहेंगे।
रैम्प योजना, भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय और विश्व बैंक द्वारा संयुक्त रूप से समर्थित है, जिसका उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों की बाजार पहुंच, उद्यमिता विकास, एवं क्षमता संवर्धन को मजबूत करना है। यह योजना समावेशिता एवं जमीनी स्तर तक पहुंच सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।
बैठक में बैंकर्स द्वारा ऋण प्रक्रिया की जानकारी, विभिन्न विभागों एवं उद्यमियों द्वारा ऋण से संबंधित समस्याओं पर सीधे संवाद किया जाएगा। यह मीटिंग प्रदेश के औद्योगिक विकास में सहभागिता बढ़ाने और समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगी। उद्यमियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे बैठक में समय पर उपस्थित होकर योजना को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *