छत्तीसगढ़

अखिल भारतीय बाघ आकलन के तहत वन विकास निगम के अमलों को दिया गया प्रशिक्षण


बलौदाबाजार, 15 जनवरी 2026/SNS/-बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में अखिल भारतीय बाघ आकलन के क्रियान्वयन हेतु वन विकास निगम के अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीक सेलैस ऐप के माध्यम से डेटा संग्रहण और मॉनिटरिंग को पुख्ता करने की जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान वन्यजीव विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों द्वारा निगम के कर्मचारियों को ऐप के तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सैद्धांतिक चर्चा के पश्चात, अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड (मैदानी क्षेत्र) में ले जाकर ऐप का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि आगामी बाघ आकलन के लिए डेटा की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि तकनीकी रूप से सक्षम होने से न केवल डेटा पारदर्शी होगा, बल्कि वन्यजीवों के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। फील्ड ट्रेनिंग के दौरान कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान किया गया और उन्हें योजनाबद्ध तरीके से गणना कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अखिल भारतीय बाघ आकलन का यह कार्य वर्तमान में पूरे प्रदेश में वृहद स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में वन्यजीव क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न वनमण्डलों में भी इस महत्वपूर्ण कार्य को प्रभावी ढंग से संपादित किया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *