छत्तीसगढ़

जिले के धार्मिक स्थल अमरटापू में किया गया योगाभ्यास का कार्यक्रम

मुंगेली , जून 2022// आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज 21 जून को जिले के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, शासकीय, अशासकीय शालाओं के साथ-साथ विकासखण्ड मुंगेली के धार्मिक स्थल अमरटापू में भी योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री संजीत बनर्जी ने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना कर राजकीय गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पतंजली के योग प्रशिक्षक प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय संस्था एवं पतंजली योग समिति के योगाचार्य श्री प्रमोद ठाकुर ने ‘‘मानवता के लिए योग’’ थीम पर प्राणायाम, अनुलोम विलोम सहित योग के विभिन्न विधाओं में योगाभ्यास कराया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष, मुंगेली एसडीएम श्री अमित कुमार, तहसीलदार श्री मायानंद चंद्रा, वरिष्ठ नागरिक श्री दुर्गा बघेल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजूर्गों, स्काउट गाईड के रोवर रेंजर तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने योगाभ्यास किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बनर्जी ने लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। और उन्होंने योग की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वस्थ और निरोग रहने के लिए योग को निरंतर अपने जीवनशैली में लाने की आवश्यकता है। प्रतिदिन योग करने से हमारा शरीर और मन मस्तिष्क स्वस्थ और सक्रिय रहता है। इस हेतु उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए योग को आवश्यक बताया। कार्यक्रम का सफल आयोजन कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर बीईओ श्रीमती प्रतिभा मंडलोई, स्काउट गाईड के जिला संगठन श्री अवधेश विश्वकर्मा सहित रोहिणी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन करारोपण अधिकारी श्री कमलेश मिश्रा ने किया। जनपद पंचायत के सीईओ सुश्री भूमिका देसाई ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *