राजनांदगांव,06 अप्रैल 2026/sns/-महर्षि वाग्भट्ट गौ संवर्धन एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा राजनांदगांव शहर के आजाद चौक मोतीपुर स्थित हनुमान मंदिर एवं ढाबा रोड स्थित भोलेनाथ मंदिर में प्याऊ घर सेवा का शुभारंभ किया गया। प्याऊ घर सेवा के शुभारंभ अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री राधेश्याम गुप्ता एवं समाजसेवी श्री शिव वर्मा द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा मटकों पर राम नाम अंकित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल दान को सर्वोत्तम दान माना गया है। भीषण गर्मी के समय राहगीरों, जरूरतमंदों एवं आमजन को शीतल जल उपलब्ध कराना एक पुण्य कार्य है। उन्होंने मटके के पानी के महत्व को बताते हुए कहा कि यह प्राकृतिक रूप से शीतल, स्वास्थ्यवर्धक एवं पर्यावरण के अनुकूल होता है, जबकि बोतलबंद, पाउच एवं फ्रिज का अत्यधिक ठंडा पानी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
समाजसेवी श्री शिव वर्मा ने कहा कि प्याऊ घर सेवा न केवल राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराती है, बल्कि मानवता की भावना को भी सुदृढ़ करती है। इसके माध्यम से समाज में सहयोग और सेवा के संस्कार विकसित होते हैं। संस्थान के सदस्य श्री धर्मराज यादव ने बताया कि प्याऊ घर सेवा के लिए शिव शक्ति धर्मार्थ सार्वजनिक सेवा समिति चिखली द्वारा नि:शुल्क मटकों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि यह सेवा ग्रीष्मकाल के दौरान निरंतर संचालित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। इस दौरान राहगीरों को शीतल जल के साथ शर्बत का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में जी.आर. देवांगन, नरेन्द्र देवांगन, पुरूषोत्तम देवांगन सहित शिक्षा संस्कार पाठशाला के बच्चे एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।


