छत्तीसगढ़

नवा तरिया आय के जरिया से महिला समूहों को मिलेगा आजीविका का नया आधार

अम्बिकापुर, 02 अप्रैल 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में “मोर गांव मोर पानी” अभियान के अंतर्गत “नवा तरिया आय के जरिया” पहल का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य वर्षा जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन को बढ़ावा देना तथा महिला समूहों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों एवं महिला समूहों को नवीन तालाब (नवा तरिया) निर्माण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही ग्राम स्तर पर उपयुक्त स्थलों का चयन कर उससे संबंधित आजीविका आधारित कार्य योजनाएं तैयार की जा रही हैं। यह कार्य महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत अंबिकापुर के ग्राम पंचायत नवाबांध में जिला स्तरीय टीम एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा नवा तरिया हेतु स्थल चिन्हांकन किया गया। इस दौरान स्वच्छता समूह की महिलाओं को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। नवीन तालाबों के माध्यम से महिला समूहों को मत्स्य पालन, फूलों की खेती एवं सब्जी उत्पादन जैसे आजीविका के साधनों से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही जल संरक्षण से संबंधित संरचनाएं जैसे कंटूर ट्रेंच, गेबियन, बोल्डर चेक डेम आदि के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। भू-जल स्तर में सुधार एवं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए सामुदायिक भागीदारी को आवश्यक बताते हुए सभी ग्रामीणों से इस पहल से जुड़ने की अपील की गई है। यह अभियान न केवल जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का भी प्रभावी माध्यम बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *