छत्तीसगढ़

वैशाली नगर वार्ड क्रमांक 30 और ग्राम ननकट्ठी के ग्रामीण जल संकट से परेशान

दुर्ग, 01 अप्रैल 2026/sns/- जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहंुचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 102 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी कड़ी में नयापारा वार्डवासियों ने अवैध निर्माण कार्य को रोकने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि दुर्ग के नयापारा वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 स्थित शीतला मंदिर (गौशाला) चौक में कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक एवं शासकीय भूमि पर मंदिर निर्माण करने के लिए सीमेंटीकरण को तोड़ा जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह स्थल वर्षों से धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों जैसे गौरी-गौरा एवं जोत-जवांरा विसर्जन के लिए उपयोग में आता रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और स्थल को सुरक्षित रखने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
दुर्ग जिले के ग्राम बासीन के ग्रामवासियों ने तालाब से मुरूम खनन की शिकायत की। ग्रामवासियों ने बताया कि सरपंच और सचिव द्वारा कीचड़ सफाई के नाम पर अधिक मात्रा में मुरूम खनन का कार्य किया जा रहा है, जिससे तालाब सूख गया है। तालाब में लगभग 70 से 80 प्रतिशत लोग निस्तारी करते है। बिना किसी शासकीय स्वीकृति के जेसीबी से तालाब की मेड़ तोड़कर पानी निकाल दिया गया, जिससे तालाब पूरी तरह से सुख गया है। ग्रामवासियों ने खनन कार्य पर रोक लगाने और तालाब को पुनः भरवाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग और खनिज विभाग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत ननकट्ठी के सरपंच ने जल जीवन मिशन योजना के तहत टंकी निर्माण एव पाईप लाईन बिछाने की मांग की। उन्होंने बताया कि ग्राम ननकट्ठी में जल जीवन मिशन योजना के तहत टंकी निर्माण और पाइपलाइन विस्तार का कार्य अधूरा है, जिससे ग्रामीणों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी अधिक बढ़ने पर ग्रामवासियों को करीब 4 किलोमीटर दूर नदी से पानी लाना पड़ सकता है। इसी प्रकार भिलाई के वैशाली नगर वार्ड क्रमांक 30 (जलेबी चौक के आगे) में जल संकट को लेकर स्थानीय निवासियों आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। इस दौरान जनदर्शन में विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *