सुकमा, 30 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार सर्वसाधारण की जानकारी हेतु यह प्रकाशित किया गया है कि कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा), जिला सुकमा (छ.ग.) द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के नियम-7 के तहत Event No. – MSTC/RPR/Chhattisgarh/Sukma Tender/1/25-26/65419 के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक-नीलामी (रिवर्स ऑक्शन) प्रक्रिया द्वारा साधारण रेत खदान उत्खनन पट्टा सुपनार (नगर पालिका परिषद सुकमा), खसरा क्रमांक 138, रकबा 5.00 हेक्टेयर का आबंटन किया गया।
इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के माध्यम से प्राप्त आवेदन/निविदा/बोली (बिड) की ओपनिंग दिनांक 27 मार्च 2026 को कार्यालय कलेक्टर के सभाकक्ष में प्रातः 11.00 बजे से प्रारंभ हुई। यह प्रक्रिया जिला स्तरीय समिति के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न कराई गई, जिसमें श्री सुरज कश्यप (अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सुकमा), श्री शोभाराम ध्रुव (जिला कोषालय अधिकारी, सुकमा), श्री रविन्द्र ताती (कार्यपालन अभियंता, श्री शिवभगत रावटे (जिला परिवहन अधिकारी), श्री छबिलेश्वर मौर्य (प्रभारी खनि अधिकारी, सुकमा) एवं श्री मंथन केमरो (खनि निरीक्षक, सुकमा) उपस्थित रहे। नीलामी प्रक्रिया में कुल 138 ऑनलाइन बोलियां प्रस्तुत की गईं। दस्तावेज सत्यापन उपरांत कुल 126 बोलीकर्ता पात्र पाए गए, जबकि 12 बोलीकर्ता तकनीकी रूप से अपात्र घोषित किए गए।
पात्र बोलीकर्ताओं द्वारा समान वित्तीय बोली 52/- (न्यूनतम) प्राप्त होने के कारण छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के नियम 7(4) के तहत इलेक्ट्रॉनिक लॉटरी पद्धति के माध्यम से अधिमानी बोलीदार का चयन किया गया। लॉटरी प्रक्रिया के पश्चात श्रीमती सीमा देवी सिंह, पति श्री रामप्रताप सिंह, निवासी मस्तानपारा, सुकमा को अधिमानी बोलीदार के रूप में चयनित किया गया।
जिला खनिज विभाग, सुकमा द्वारा आयोजित यह ई-नीलामी प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन, पारदर्शी एवं नियमसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई। उक्त प्रक्रिया के माध्यम से कुल 13,80,000.00 रुपये (तेरह लाख अस्सी हजार रुपये मात्र) का राजस्व प्राप्त हुआ।

