छत्तीसगढ़

सुकमा जिले में विकास की नई उड़ान

सुकमा, 30 मार्च 2026/sns/-बस्तर संभाग के सुकमा जिले में आज प्रशासनिक सुगमता और सुरक्षा प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में जिले को दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। मंत्री श्री कश्यप ने जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए “सिंगल विंडो रूम“ और “केंद्रीकृत निगरानी एवं नियंत्रण केंद्र“ का विधिवत लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार भी उपस्थित थे।
सुशासन और सुरक्षा पर जोर
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से न केवल आम जनता के प्रशासनिक कार्य एक ही स्थान पर सुलभ होंगे, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जिले की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने आधार कार्ड बनवाने आए छात्रों से बात की। उन्होंने सभी काउंटर को घूम घूमकर देखा और काउंटर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल
इन दोनों महत्वपूर्ण केंद्रों का निर्माण और संचालन जिला प्रशासन सुकमा द्वारा किया जा रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और दस्तावेजों के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, वहीं सीएमसीसी के जरिए पूरे जिले की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की डिजिटल मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन सुकमा द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। आज के इस कदम को सुकमा में “डिजिटल गवर्नेंस“ की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
कार्यक्रम में कलेक्टर एसपी श्री किरण चव्हाण, जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हूंगाराम मरकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री महेश कुंजाम, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती रीना पेद्दी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव, जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, श्री अरुण सिंह भदौरिया, श्री दिलीप पेद्दी, श्री विश्वराज चौहान, संजय सोढ़ी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *