छत्तीसगढ़

सरगुजा में ’खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ 28 मार्च से

अम्बिकापुर, 27 मार्च 2026/sns/-   सरगुजा जिले का हृदय स्थल अम्बिकापुर एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। देश के पहले ’खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ की मेजबानी कर रहे छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 28 मार्च से कुश्ती (रेसलिंग) स्पर्धा का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। स्थानीय गांधी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय समागम में देश के अलग-अलग राज्यों के जनजातीय खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

देशभर की प्रतिभाओं का जुटेगा महाकुंभ
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मेजबान छत्तीसगढ़ सहित कुल 144 रेसलर्स (पुरुष एवं महिला) हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन जनजातीय युवाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक स्वर्णिम अवसर प्रदान करेगा।

चार दिवसीय रोमांचः तीन चरणों में होंगे मुकाबले
28 मार्च से शुरू होकर 31 मार्च तक चलने वाले इन मुकाबलों को प्रतिदिन तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सुगमता बनी रहे, प्रथम चरणः प्रातः 08ः00 बजे से 09ः00 बजे तक, द्वितीय चरणः प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 02ः00 बजे तक, तृतीय चरणः सायं 04ः00 बजे से खेल समाप्ति तक

डी डी स्पोर्ट्स पर लाइव प्रसारण
इस भव्य आयोजन को “भारत के जनजातीय खेल, छत्तीसगढ़ मा सुंदर मेल“ की प्रेरणादायी टैगलाइन के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। खेल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। गौरव की बात यह है कि इस आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती पर किया जाएगा, जिससे दुनिया भर के दर्शक सरगुजा की धरती पर हो रहे इस महाकुंभ को लाइव देख सकेंगे।

तैयारियां पूर्ण, खिलाड़ियों का स्वागत
खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। सरगुजा अब अपनी पारंपरिक संस्कृति के साथ-साथ देश को नई खेल ऊर्जा देने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *