छत्तीसगढ़

सुकन्या समृद्धि योजना बनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला

मुंगेली, 25 मार्च 2026/sns/- शासन की महत्वाकांक्षी सुकन्या समृद्धि योजना आज बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम गाडाटोला की निवासी बालिका अंकिता बैष्णव इसका उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई हैं, जिनकी बचत यात्रा आज कई परिवारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।
आंगनबाड़ी केंद्र गाडाटोला कि अंकिता बैष्णव की माता-पिता ने बेटी के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए समय रहते सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया। 26 दिसंबर 2015 को प्रारंभ किए गए इस खाते में परिवार द्वारा नियमित रूप से हर माह राशि जमा की जाती रही। नियमित बचत और अनुशासन का परिणाम यह हुआ कि आज इस खाते में कुल 01 लाख 49 हजार 100 रूपये की बचत जमा हो चुकी है, जिस पर 46 हजार 544 का ब्याज अर्जित हुआ है। इस प्रकार कुल राशि बढ़कर 01 लाख 95 हजार 644 रूपये तक पहुंच गई है। यह राशि न केवल परिवार की आर्थिक मजबूती का प्रतीक है, बल्कि बेटी के भविष्य के प्रति उनकी सजगता और दूरदर्शिता को भी दर्शाती है। इसी प्रकार नियमित निवेश जारी रहा तो वर्ष 2036 तक यह राशि लगभग 13 लाख 58 हजार रूपये तक पहुंच सकती है। योजना के तहत 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर लाभार्थी को लगभग 31 लाख रूपये से अधिक की राशि प्राप्त होने का अनुमान है, जो उच्च शिक्षा, कैरियर निर्माण और आत्मनिर्भर बनने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
अंकिता बैष्णव ने बताया कि अभिभावक सही समय पर योजनाबद्ध तरीके से निवेश करें, तो बेटियों का भविष्य सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सकता है। सुकन्या समृद्धि योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का भी कार्य कर रही है। जिला प्रशासन द्वारा भी इस योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें। यह प्रेरक कहानी न केवल मुंगेली जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे समाज को यह संदेश देती है कि छोटी-छोटी बचत से भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *