मुंगेली, 25 मार्च 2026/sns/- भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। यह प्रशिक्षण 25 मार्च 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 05 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का आयोजन पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, दाउपारा मुंगेली में किया गया है, जिसमें जिले के सभी फील्ड ट्रेनरों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाएगा। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जो कि छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई से 30 मई 2026 के बीच पूरा किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य को प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों द्वारा घर-घर जाकर संपादित किया जाएगा, जिन्हें पूर्व में फील्ड ट्रेनरों द्वारा विधिवत प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की विस्तृत प्रक्रिया, डेटा संग्रहण के तरीके, तकनीकी उपयोग तथा सर्वेक्षण से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया जा रहा है कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें टैबलेट, मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जानकारी दर्ज की जाएगी।
जनगणना के प्रथम चरण में कुल 33 प्रश्नों के माध्यम से मकानों से संबंधित विभिन्न जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। इसमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपलब्ध सुविधाएं जैसे टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन आदि के साथ-साथ अन्य आधारभूत जानकारी शामिल रहेगी। एकत्रित जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल शासकीय योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्र के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिसके बाद वे निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर जानकारी संकलित करेंगे। आगामी वर्ष फरवरी 2027 में जनगणना का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाया जा सके।


