छत्तीसगढ़

मलेरिया के खिलाफ जंग तेज एसबीआई फाउंडेश

बीजापुर, 18 मार्च 2026/sns/-वार्षिक मूल्यांकन के तहत एसबीआई फाउंडेशन की सहायक प्रबंधक सुश्री ईशा अग्रवाल ने एसबीआई संजीवनी मोबाइल मेडिकल यूनिट के बीजापुर क्लस्टर का महत्वपूर्ण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संतोषपुर एवं गोरना ग्रामों में फील्ड विजिट कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। दौरे के दौरान सुश्री अग्रवाल ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर कार्यक्रम के प्रभाव का आकलन किया। केस स्टडी से जुड़े लाभार्थियों द्वारा दिए गए सकारात्मक फीडबैक ने इस पहल की उपयोगिता और प्रभावशीलता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
ग्राम गोरना में शिखर युवा मंच के सहयोग से विशेष मलेरिया रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। संस्था प्रमुख श्री भूपेश वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए सामुदायिक भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से मच्छरदानी के नियमित उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने और बुखार को नजरअंदाज न करने की अपील की।
सुश्री ईशा अग्रवाल ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि जागरूकता और रोकथाम पर भी समान रूप से केंद्रित है। उन्होंने समय पर जांच, पूर्ण दवा सेवन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के महत्व पर विशेष जोर दिया।
ग्राम सरपंच श्रीमती कमला कोरसा ने भी ग्रामीणों को मलेरिया के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देने तथा मच्छरदानी के नियमित उपयोग की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के अंतर्गत 27 आरडीटी जांचें की गईं, जिनमें एक मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाया गया, जिसे तत्काल निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही 87 परिवारों को मच्छरदानी एवं जागरूकता सामग्री वितरित की गई। इस कार्यक्रम में 110 से अधिक ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
दौरे के दौरान  MOPD कैंप का निरीक्षण, स्टाफ के साथ समीक्षा बैठक तथा दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। यह पहल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और समुदाय में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *