छत्तीसगढ़

बीजापुर में 1 अप्रैल से पूरी तरह डिजिटल होगी चालान प्रक्रिया

बीजापुर, 18 मार्च 2026/sns/-जिले में अब राजस्व एवं अन्य शासकीय शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार 1 अप्रैल 2026 से सभी चालान केवल ई-कोष पोर्टल के ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।जिला प्रशासन द्वारा सभी बैंक प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि ओटीसी (ओवर द काउंटर) चालान भी अब ऑनलाइन जनरेट किए गए ई-चालान के आधार पर ही जमा किए जाएं। इसके साथ ही मैन्युअल या भौतिक चालान की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी।
कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत चालान ई-चालान मॉड्यूल से ऑनलाइन तैयार होगा जिसमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (टीआरएन) अनिवार्य रूप से अंकित रहेगा। बैंक काउंटर पर चालान जमा करते समय इसी टीआरएन के आधार पर राशि स्वीकार की जाएगी।
इस प्रक्रिया में सबसे बड़ी सुविधा यह होगी कि चालान का डेटा स्वतः ही ऑनलाइन बैंक एवं संबंधित विभागों तक पहुंच जाएगा जिससे दोबारा एंट्री की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि त्रुटियों की संभावना भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बैंक द्वारा ऑनलाइन एमआईएस कोषालय से चालान की रसीद भी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने सभी बैंक प्रबंधकों एवं आहरण-संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए कर्मचारियों को पूर्व प्रशिक्षण दिया जाए ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल पहल से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध होगी जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *