छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बना उपाध्याय परिवार

मुंगेली, 10 दिसम्बर 2025/sns/-आम नागरिकों को सस्ती, स्वच्छ और निरंतर बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इस योजना ने जिले के अनेक परिवारों को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। सरल प्रक्रिया और आकर्षक सब्सिडी के कारण नागरिक तेजी से सौर ऊर्जा अपनाकर आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं।
इसी कड़ी में जिले के ग्राम करही निवासी श्री चंद्रशेखर उपाध्याय ने अपने घर की छत पर 05 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट संचालित होने के बाद अब उनका घर पूरी तरह सौर ऊर्जा से रोशन रहता है। इससे उनके मासिक बिजली बिल में भारी कमी आई है तथा उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है, जिससे आर्थिक राहत मिली है।
श्री उपाध्याय ने बताया कि पहले हर महीने बिजली बिल को लेकर वित्तीय चिंता रहती थी, लेकिन अब वह पूरी तरह निश्चिंत हैं। उन्होंने शासन के इस प्रयास को आमजन के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित इस योजना से आम नागरिकों को वास्तविक ऊर्जा प्राप्त हो रही है। सब्सिडी और सरल प्रक्रिया के कारण सोलर प्लांट लगाना आसान हुआ है और इससे हमारे घर के साथ-साथ पर्यावरण को भी बड़ा लाभ मिल रहा है।
आकर्षक सब्सिडी बनी योजना की बड़ी ताकत
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत शासन द्वारा दी जा रही आकर्षक सब्सिडी बड़ी ताकत बन रही है। रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा उच्च स्तर की आर्थिक सहायता (सब्सिडी) प्रदान की जा रही है। 01 किलोवाट पर 45 हजार रुपये, 02 किलोवाट पर 90 हजार रुपये और 03 से 04 किलोवाट तक पर अधिकतम 01 लाख 08 हजार रुपये सब्सिडी दी जाती है। इसके साथ ही बैंक के माध्यम से आसान किस्तों पर वित्त सुविधा उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *