मुंगेली, 17 मार्च 2026/sns/- गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले में गर्मी को देखते हुए पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत सीईओ पथरिया अनिल कुमार द्वारा गॉवों का भ्रमण किया गया और जल संकट वाले गॉवों का चिन्हाकन कर पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चत करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए।
सीईओ श्री अनिल ने बताया कि चिन्हांकित गॉवों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग की राशि से सिंटेक्स टैंक और पावर पंप स्थापित किए जा रहे हैं। इस पहल के तहत जनपद पंचायत पथरिया के विभिन्न ग्राम पंचायतों में नवीन बोरिंग के साथ 38 स्थानों पर सिंटेक्स टैंक तथा 42 स्थानों पर पावर पंप स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पेयजल संकट से प्रभावित पंचायतों सहित कुल 77 ग्राम पंचायतों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने सीईओ की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने बताया कि प्रशासनिक पहल के तहत सिलतरा, पौंसरी, गंगद्वारी, छिंदभोग और परसदा ग्राम पंचायतों में पेयजल से संबंधित कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में पेयजल की बेहतर सुविधा मिलने लगी है। जिला प्रशासन का उद्देश्य गर्मी के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में अन्य ग्राम पंचायतों में भी तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि सभी प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते पेयजल संकट से राहत मिल सके।


