छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि से दिव्या ने शुरू

मुंगेली, 17मार्च 2026/sns/- शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में प्रभावी साबित हो रही है। योजना के तहत मिलने वाली राशि का सही उपयोग कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं। इसी कड़ी में पथरिया विकासखंड के ग्राम जुनवानी की मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली दिव्या मानिकपुरी ने योजना से मिलने वाली राशि को बचाकर आज आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई है। दिव्या मानिकपुरी ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि को लगातार लगभग 10 महीनों तक बचत के रूप में जमा किया। बाद में उन्होंने इस राशि का उपयोग कर गांव में एक छोटा सा किराना दुकान शुरू किया। मेहनत और लगन से दुकान को संचालित करते हुए आज वे अपने पैरों पर खड़ी हो गई हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
दिव्या ने बताया कि पहले घर चलाना मुश्किल होता था, लेकिन अब दुकान से नियमित आय होने लगी है। इससे न केवल परिवार की जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा भी दिला पा रही हैं। वर्तमान में उनके बच्चे निजी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं। दिव्या मानिकपुरी अब गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। दिव्या मानिकपुरी ने कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने इस योजना के संचालन लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *