मुंगेली, 14 मार्च 2026/sns/- उद्यानिकी विभाग की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत आधुनिक खेती को अपनाकर विकासखंड मुंगेली के ग्राम सेमरचुवा निवासी किसान श्री तिजऊ राम ने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया और अच्छी आमदनी अर्जित की। उन्होंने सीमित भूमि और संसाधनों के बावजूद योजना का लाभ लेकर उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में 01 एकड़ क्षेत्र में ग्राफ्टेड बैंगन (सेंगो-704) की खेती की। आधुनिक तकनीक और उचित प्रबंधन के कारण उन्हें बेहतर उत्पादन मिला। किसान तिजऊ राम ने बताया कि ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से उन्हें प्रति एकड़ लगभग 140 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में बैंगन का थोक मूल्य 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम मिलने से उन्हें लगभग 03 लाख 50 हजार रुपये की कुल आय प्राप्त हुई।
इस खेती में उनकी कुल लागत करीब 80 हजार रुपये आई, जिससे उन्हें 02 लाख 70 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक भगवती साहू ने बताया कि किसान तिजऊ राम को 30 हजार रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ, जिससे खेती की लागत कम हुई और आधुनिक खेती अपनाने में प्रोत्साहन मिला। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों को उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे किसान आधुनिक खेती अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। श्री तिजऊ राम की यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक बन रही है। वे बताते हैं कि यदि किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती करें और शासन की योजनाओं का लाभ लें तो कम भूमि में भी अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है।

