छत्तीसगढ़

जनदर्शन: कलेक्टर ने सुनी आमजनों की मांगें एवं समस्याएं

मुंगेली, 11 मार्च 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों मुंगेली, पथरिया और लोरमी से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी समस्याएं और मांगों को लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से उनकी समस्याओं की वस्तुस्थिति जानी और विभागवार अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम ढबहा के विनोद ने शिकायत करते हुए बताया कि निजी चिल्ड्रन हास्पिटल द्वारा उनके नवजात बच्चे के ईलाज के नाम बड़ी राशि ली गई, लेकिन बच्चा के स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। उन्होने बताया कि मात्र 06 दिनों में ईलाज के नाम पर 01 लाख 14 हजार रूपए की राशि ली गई। साथ ही 80 हजार रूपए आयुष्मान कार्ड से लिया गया। इस पर कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एसडीएम, तहसीलदार, सीएमएचओ और डीपीएम सहित अन्य अधिकारियों की टीम गठित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजनों से धोखाधड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह ग्राम घोरपुरा के सुरेन्द्र सिंह ने आर.आई व पटवारी द्वारा जमीन का सीमांकन नहीं करने की शिकायत की। कलेक्टर ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया।
जनदर्शन में ग्राम मोहभट्टा के प्रियंका गंधर्व ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, कबीर वार्ड के महेन्द्र भारती ने त्रुटि सुधार कर बी.वन आनलाईन कराने, ग्राम लालपुर थाना के रामगोपाल जायसवाल ने प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, ग्राम अमलडीही के बबलू भास्कर ने श्रम कार्ड में अपनी परिजनों का नाम जोड़ने, नगर पंचायत बरेला के बेनीराम धुरी ने अपनी मृत पुत्र का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने, मजगांवपारा के साहिल पीटर ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने, ग्राम सेमरिया के श्रवण राजपूत ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन दिलाने, ग्राम सुरही के बिमलेश ने आवासीय पट्टा दिलाने, ग्राम गंधीरवाडीह के ग्रामीणों ने नाली व रोड निर्माण कराने, ग्राम सेमरिया के पीयूष सिंह ने अंकसूची के अनुसार आधार कार्ड में जन्मतिथि में सुधार कराने, ग्राम भटगाव के भरतलाल साहू ने नवीन आधार कार्ड बनवाने, ग्राम झझपुरीकला के मिल्लूराम साहू ने अपनी मृत पत्नी के बैंक खाता का रूपया नामिनी को दिलाने, ग्राम लालपुर थाना की करीना कुर्रे ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने सहित अन्य आवेदकों से विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों में मौके पर जाकर जांच करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *