रायपुर, 11 मार्च 2026/sns/- रायपुर जिले की निवासी श्रीमती लक्ष्मी साहू के लिए महतारी वंदन योजना आत्मनिर्भरता की नई राह लेकर आई है। सीमित संसाधनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच श्रीमती लक्ष्मी साहू ने हार नहीं मानी और योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग कर छोटा व्यवसाय शुरू कर आज अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
श्रीमती लक्ष्मी साहू बताती हैं कि पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। ऐसे में उन्होंने कुछ नया करने का निर्णय लिया। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि को बचाते हुए उन्होंने लगभग 5 हजार रुपए की लागत से एक छोटी किराना दुकान की शुरुआत की।
शुरुआत में वे ठेले पर किराना सामान बेचती थीं। धीरे-धीरे योजना से प्राप्त राशि को जोड़कर उन्होंने अपनी दुकान में सामान बढ़ाया और व्यवसाय को आगे बढ़ाया। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम यह हुआ कि आज उनका वही ठेला एक स्थायी किराना दुकान में बदल गया है।
अब श्रीमती लक्ष्मी साहू को अपने व्यवसाय से हर महीने लगभग 12 से 15 हजार रुपए की आमदनी हो रही है। इस आय से वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी खर्च कर पा रही हैं।
श्रीमती लक्ष्मी साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना जैसी पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे सम्मानपूर्वक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।


