छत्तीसगढ़

ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करे -कलेक्टर श्री संबित मिश्रा

बीजापुर, 10 मार्च 2026/sns/-जिले में संचालित शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर संबित मिश्रा ने अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने नियद नेल्लानार क्षेत्रों में शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने तथा स्वीकृत अधोसंरचना निर्माण कार्यों को बरसात से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नियद नेल्लानार क्षेत्रों सहित आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनके सभी आवश्यक दस्तावेज सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और बैंक खाते खुलवाने की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया गया ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खाते शीघ्र खोलने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकांश शासकीय योजनाओं की राशि सीधे बैंक खाते में हस्तांतरित होती है, इसलिए सभी हितग्राहियों का बैंक खाता होना आवश्यक है।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए कहा। इस दौरान डीएफओ श्री रमेश जांगड़े तथा इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक श्री संदीप बलगा ने अधिकारियों को फील्ड भ्रमण के दौरान शाखकर्तन कार्यों का निरीक्षण करने और ग्रामीणों को जंगल में आग न लगाने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि जंगल में आग लगने से जैव विविधता को नुकसान पहुंचता है और मिट्टी की उर्वरता पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। वर्तमान में महुआ संग्रहण का कार्य तेज होने के कारण ग्रामीणों को महुआ और इमली के समर्थन मूल्य की जानकारी देने तथा वनोपज को समर्थन मूल्य से कम दाम पर नहीं बेचने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *