बीजापुर, 10 मार्च 2026/sns/-प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के लिए खुशखबरी है। आगामी 13 मार्च को योजना की 22वीं किस्त जारी की जाएगी। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से शाम लगभग 5 बजे देशभर के किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि हस्तांतरित करेंगे।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम के तहत देश के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जाएगी। वहीं बीजापुर जिले के करीब 18 हजार पात्र किसान इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शिता है, जिसमें राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। कृषि विभाग के उप संचालक श्री पीएस कुसरे ने किसानों से अपील की है कि वे एग्रीस्टेक पोर्टल पर जल्द से जल्द अपना फार्मर आईडी बनवाएं तथा ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि किस्त की राशि मिलने में किसी प्रकार की बाधा न आए। किसान इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए सीएससी सेंटर या कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।


