छत्तीसगढ़

कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल बस्तर का किया निरीक्षण

जगदलपुर, 26 फरवरी 2026/sns/- कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह ने गुरुवार को पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल बस्तर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षाओं की स्थिति, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, रचनात्मक एवं खेल गतिविधियों तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही शिक्षकों का प्रशिक्षण, शैक्षणिक सामग्री एवं दैनंदिनी, बच्चों का नियत समयावधि में स्वास्थ्य जांच, पालक-शिक्षक बैठक, मध्यान्ह भोजन एवं न्यौता भोज इत्यादि का संज्ञान लिया और स्कूल एवं स्कूल परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए हर महीने तीसरे शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाने की समझाइश देते हुए कहा कि साफ-सफाई के साथ ही फर्नीचर, दस्तावेजों, पुस्तकों का समुचित रखरखाव करें और अनुपयोगी सामग्रियों का नियमानुसार अपलेखन करें।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह ने शिक्षकों से संवाद कर पढ़ाई की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का केवल शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि समग्र व्यक्तित्व विकास भी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां, नैतिक शिक्षा और जीवन कौशल पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि पीएमश्री योजना के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ा जाए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं, ताकि वे आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

कमिश्नर ने निरीक्षण के अंत में पीएमश्री स्कूल की गरिमा के अनुरूप स्कूल को विकसित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सुधारों के लिए दिशा-निर्देश दिए। वहीं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सतत एवं सार्थक प्रयास करने का आह्वान शिक्षकों से किया। इस दौरान संयुक्त संचालक श्री एचआर सोम, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल, एसडीएम श्री गगन शर्मा, डीएमसी श्री अशोक पांडे, सीईओ जनपद पंचायत श्री भानुप्रताप चुरेंद्र, खण्ड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन तथा अन्य अधिकारी और प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *