छत्तीसगढ़

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर करें ध्यान केंद्रित – कलेक्टर श्री आकाश छिकारा

जगदलपुर, 26 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिला कार्यालय के प्रेरणा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न निर्माण विभागों के प्रगतिरत विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, ईएंडएम, राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन विभाग तथा हाउसिंग बोर्ड द्वारा संचालित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने विभागवार प्रोजेक्ट्स की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय बजट से स्वीकृत या अन्य मदों से स्वीकृत विकास कार्यों का निविदा प्रक्रिया को समय पर पूरा कर निर्माण कार्य को प्रगति देते हुए निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विकास के निर्माण कार्य पूरा होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लोकार्पण करवाने की बात कही।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने लंबित एवं प्रगतिरत परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए ताकि नागरिकों को सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में निर्माण कार्यों के लिए भूमि आवंटन, भू-अर्जन, प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण प्रकरण, राजस्व और वन विभाग से संबंधित आवश्यक कार्यों के संबंध में भी चर्चा किया गया।

कलेक्टर श्री छिकारा ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा कार्यस्थलों का सतत निरीक्षण किया जाए। उन्होंने विभागीय समन्वय को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी सहयोग से कार्यों को गति दें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्णा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *