बीजापुर, 25 फरवरी 2026/sns/-आगामी जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में कलेक्टोरेट के इन्द्रावती सभाकक्ष में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी, प्रशासनिक एवं विधिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय महत्व का दायित्वः कलेक्टर- कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का दायित्व बताते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है।
उन्होंने निर्देश दिए कि- प्रशिक्षण को गंभीरता से लिया जाए। मैदानी कार्य में पारदर्शिता, सावधानी और प्रतिबद्धता सुनिश्चित की जाए। एक भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित न रहे, क्योंकि त्रुटिपूर्ण आंकड़े विकास योजनाओं को प्रभावित कर सकते हैं।
दो चरणों में होगी जनगणना-2027- प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न होगी प्रथम चरण- 1 से 30 मई 2026, मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) प्रत्येक भवन एवं मकान का पूर्णतः डिजिटल माध्यम से सूचीकरण, द्वितीय चरणः जनसंख्या गणना प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय एवं अन्य आवश्यक जानकारी का संकलन पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल, राज्य मास्टर ट्रेनर ने बताया कि इस बार संपूर्ण प्रक्रिया जनगणना प्रबंधन पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से संचालित की जाएगी। इससे डेटा की शुद्धता, पारदर्शिता, त्वरित विश्लेषण सुनिश्चित होगा।
जनगणना निदेशालय द्वारा तहसीलवार सॉफ्ट फाइल उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें राजस्व ग्राम एवं नगरीय क्षेत्रों को पूर्व सत्यापित मानचित्र के अनुरूप दर्शाया गया है। तहसील स्तर पर सूक्ष्म परीक्षण के बाद आवश्यक संशोधन कर अद्यतन जानकारी भेजी जाएगी।
प्रशिक्षण में इन विषयों पर हुआ मंथन- सपोर्टिव सुपरविजन, स्व.गणना प्रक्रिया, उत्तरदाता की भूमिका प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के दायित्व, डेटा नैतिकता, गोपनीयता एवं सुरक्षा, मोबाइल एवं वेब एप से संबंधित समस्याओं का निराकरण, समय-सीमा का पालन एवं जनशक्ति प्रबंधन, सीएमएमएस मॉड्यूल, उपयोगकर्ता पंजीकरण एवं एचएलओ प्रबंधन, प्रशिक्षण के दौरान पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया तथा उपस्थित चार्ज अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर सहित सभी अनुभागों के एसडीएम उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर विकास की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाएं।


