दुर्ग, 25 फरवरी 2026/sns/- सेना भर्ती कार्यालय रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2027 हेतु अधिसूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 01 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
उप संचालक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार जिले के अविवाहित, योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी, जिनकी जन्मतिथि 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के मध्य है, अग्निवीर भर्ती-2027 के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। अभ्यर्थी भारतीय थल सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर) तथा अग्निवीर ट्रेडमैन (8वीं एवं 10वीं पास) पदों के लिए अपनी योग्यता अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अधिकतम दो पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसी प्रकार अविवाहित युवतियों से अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) पद के लिए भी ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनके लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल 2026 निर्धारित है तथा जन्मतिथि 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के बीच होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त भारतीय थल सेना में सिपाही (फार्मा) पदों पर अविवाहित पुरुष अभ्यर्थियों से भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पद के लिए जन्मतिथि 01 जुलाई 2002 से 01 जनवरी 2008 के मध्य होना आवश्यक है। आवेदन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल 2026 निर्धारित है।
ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) 01 जून 2026 से 15 जून 2026 के मध्य आयोजित होने की संभावना है। अधिक जानकारी या किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान हेतु सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय थल सेना की आधिकारिक वेबसाइट अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग के सूचना पटल का अवलोकन किया जा सकता है।

