छत्तीसगढ़

मोमिनपुर एवं नवागढ़ वार्ड में पीलिया नियंत्रण हेतु विशेष सर्वे, सभी सैंपल पाए गए नेगेटिव

अंबिकापुर, 25 फरवरी 2026/sns/-  कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अंबिकापुर, जिलादृसरगुजा (छ.ग.) के निर्देशन में नगरीय क्षेत्र अंबिकापुर के मोमिनपुर एवं नवागढ़ वार्ड में पीलिया के संभावित फैलाव की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु विशेष सर्वे अभियान चलाया गया। दिनांक 24.02.2026 को शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय अम्बिकापुर की 35 नर्सिंग छात्राओं द्वारा घर-घर सर्वे कर संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए। इससे पूर्व दिनांक 23.02.2026 को लिए गए पीलिया के सभी सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है, जिससे क्षेत्र में वर्तमान स्थिति नियंत्रण में पाई गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन, स्वच्छ पेयजल एवं जन-जागरूकता गतिविधियाँ भी संचालित की जा रही हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि पीलिया के लक्षण जैसे आंखों एवं त्वचा का पीला पड़ना, कमजोरी, भूख न लगना, उल्टी अथवा बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं तथा स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *