मुंगेली, 17 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने योजना की वर्तमान प्रगति, लोन डिसबर्समेंट, वेंडर चयन और सोलर इंस्टॉलेशन की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने योजना की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एलिजिबिलिटी जांच के बाद ही हितग्राहियों के फॉर्म भरे जाएं। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों का बिजली बिल शून्य करना है, इसलिए लोगों को आसान भाषा में समझाकर उन्हें सोलर इंस्टॉलेशन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को योजना को समयबद्धता के साथ और पारदर्शी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी इंजीनियरों को ठोस कार्ययोजना बनाकर लक्षित प्रगति सुनिश्चित करने और मार्च तक लक्षित प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित बैंकर्स को भी सख्त निर्देश दिए कि पीएम सूर्यघर शासन की महत्वाकांक्षी योजना है और लोन डिसबर्समेंट में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बैंक प्राथमिकता के आधार पर लोन वितरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि इस योजना में उपभोक्ता सेवा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन इस दिशा में हर संभव प्रयास करेगा। विद्युत विभाग के ई. डी. ए. के. अम्बस्ट ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को इसके फायदे अच्छे से समझाए, ताकि लोग योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित हों। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी,अधीक्षण अभियंता श्री एस. के. जांगड़े, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, विद्युत विभाग श्री नंदराम भगत सहित विद्युत विभाग के इंजीनियर एवं अन्य संबंधित अधिकारी तथा बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।


