छत्तीसगढ़

ग्राम टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया सिंह ने बढ़ाया जिले का मान

मुंगेली, 17 फरवरी 2026/sns/- जिले के ग्राम टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया ठाकुर ने सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ सुप्रिया सिंह श्रीनेत भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनी हैं। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट में सुप्रिया से मुलाकात की और उपहार स्वरूप टैब प्रदान कर सम्मानित किया तथा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुप्रिया और उसके परिजनों को पुष्पाहार भेंटकर मुंह मीठा कराया और उनका हालचाल जाना।
कलेक्टर ने कहा कि सीडीएस जैसी कठिन एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल करना न केवल सुप्रिया के परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ही ऐसी सफलता संभव होती है और सुप्रिया ने यह सिद्ध कर दिखाया है। कलेक्टर ने सुप्रिया को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभासीष प्रदान किया। साथ ही जिले के युवाओं को सुप्रिया से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान सुप्रिया के माता-पिता सहित अन्य परिजन मौजूद रहे।
सुप्रिया सिंह ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा मुंगेली तथा उच्च शिक्षा बिलासपुर के महाविद्यालय में हुई है। बचपन से ही उनके मन में देश सेवा का संकल्प था, जिसने उन्हें भारतीय सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। सुप्रिया की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिलेभर में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *