छत्तीसगढ़

अघोर गुरु पीठ बनोरा पहुंचे मुख्यमंत्री श्री साय, गुरु दर्शन कर लिया आशीर्वाद आध्यात्मिक मूल्यों एवं संस्कारों की पाठशाला है अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय बनोरा


रायगढ़, 16 फरवरी 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान आज ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय पहुंचे। उन्होंने आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने अघोरेश्वर के प्रिय शिष्य बाबा प्रियदर्शी भगवान राम जी के दर्शन कर आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक परंपरा हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। अघोर गुरु पीठ जैसे संस्थान समाज को संस्कार, सेवा और सद्भाव का संदेश दे रहे हैं। यहां आकर आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा की भावना पहुंचाना ही सच्चा राष्ट्र निर्माण है।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विजय केडिया, श्री कौशलेष मिश्रा, श्री पवन शर्मा, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *