अंबिकापुर, 16 जनवरी 2026/sns/- संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें, छत्तीसगढ़ द्वारा दिनांक 28 मार्च 2025 को संभाग एवं जिला स्तरीय तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी (स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष/महिला, वार्ड बॉय एवं वार्ड आया) के कुल 525 पदों पर सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। उक्त भर्ती प्रक्रिया अंतर्गत व्यापम द्वारा संबंधित पदों की परीक्षा आयोजित कर परीक्षा परिणाम वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ शासन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आदेश दिनांक 07 दिसंबर 2021 एवं 03 फरवरी 2023 के अनुसार, कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में नियुक्त अभ्यर्थियों को एक वर्ष में न्यूनतम 06 माह के कार्य अनुभव का लाभ दिया जाना है। इस संबंध में व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे 15 दिवस के भीतर संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अनुभव प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों हेतु आवश्यक निर्देशः
अभ्यर्थी कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान जिस जिले में कार्यरत रहे हैं, उसी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, छत्तीसगढ़ को आवेदन प्रस्तुत करेंगे।
अनुभव प्रमाण पत्र निर्धारित प्रपत्र परिशिष्ट ‘अ’ में ही मान्य होगा।
अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश, ज्वाइनिंग आदेश एवं वेतन संबंधी दस्तावेज अनिवार्य रूप से संलग्न करने होंगे।
केवल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी अनुभव प्रमाण पत्र ही मान्य किया जाएगा।
अभ्यर्थियों द्वारा अनुभव प्रमाण पत्र दिनांक 14 जनवरी 2026 से 29 जनवरी 2026 तक संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से, कार्यालयीन समय में जमा किया जाना अनिवार्य होगा।
भर्ती प्रक्रिया की संभावित समय-सारणीः
अनुभव प्रमाण पत्र जमा करने की अवधि : 14 जनवरी से 29 जनवरी 2026
संभाग स्तरीय समिति द्वारा सत्यापन : 30 जनवरी से 08 फरवरी 2026
सत्यापित दस्तावेज संचालनालय को प्रेषण : 09 फरवरी 2026
संचालनालय द्वारा मेरिट सूची जारी : 10 फरवरी से 18 फरवरी 2026
दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अवधि : 19 फरवरी से 24 फरवरी 2026
अंतिम मेरिट सूची का प्रकाशन : 10 मार्च 2026 तक
(विभागीय वेबसाइट www.cghealth.nic.in पर) सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करें, ताकि भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण की जा सके।

