मुंगेली, 16 फरवरी 2026/sns//- जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर धनगांव गोसाई के आश्रित ग्राम खैरवार मिश्र में जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार कर प्रत्येक घर को नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। इसके बाद गांव की तस्वीर ही बदल गई। अब ग्रामीणों को उनके घरों में ही नियमित, स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल मिल रहा है। पानी के लिए होने वाली भागदौड़ और लंबा इंतजार अब बीते दिनों की बात हो गई है।प्रभावी क्रियान्वयन से ग्राम खैरवार मिश्र में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान संभव हुआ है। समय और श्रम की बचत के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
ग्राम की महिलाओं मनीषा गन्धर्व, सोना बाई और अंजलि ने बताया कि पहले पानी लाने में उनका अधिकांश समय और ऊर्जा खर्च हो जाती थी। इस संकट का सबसे अधिक प्रभाव गांव की महिलाओं पर पड़ता था। उन्हें पानी लाने के लिए दूर-दराज जाना पड़ता, लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता और कई बार इतनी मशक्कत के बाद भी केवल एक-दो बर्तन पानी ही मिल पाता। घरेलू कामकाज, बच्चों की देखभाल और अन्य जिम्मेदारियों के बीच पानी की व्यवस्था करना उनके लिए रोज़ की चुनौती बन गया था। अब नल से घर में ही पानी उपलब्ध होने से वे समय पर घरेलू कार्य पूरे कर पा रही हैं और परिवार को भी अधिक समय दे पा रही हैं। यह बदलाव उनके दैनिक जीवन में आत्मसम्मान और राहत दोनों लेकर आया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण बदलाव के लिए ग्रामवासियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल जीवन मिशन को ग्रामीण सशक्तिकरण की मिसाल बताया है।

