छत्तीसगढ़

कोंटा में ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ की समीक्षा बैठक, विकास सूचकों पर फोकस

सुकमा, 13 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड कोंटा में गुरुवार को ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ के अंतर्गत “आकांक्षी विकासखंड कोंटा कार्यक्रम की समीक्षा बैठक” का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कोंटा सुभाष शुक्ला ने की। आयोजन में जनपद पंचायत कोंटा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का विशेष सहयोग रहा। साथ ही पीपीआईए फेलो सुकमा, आकांक्षी ब्लॉक फेलो एवं पिरामल फाउंडेशन के समन्वयक की सक्रिय सहभागिता दर्ज की गई।
बैठक में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के प्रमुख सूचकों की गहन समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ करने, टीबी, बीपी एवं डायबिटीज की डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग, नियमित टीकाकरण एवं वैक्सीनेशन शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पोषण पुनर्वास एवं एनीमिया नियंत्रण पर विशेष ध्यान केंद्रित करने को कहा गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों की गुणवत्ता सुधारने, 6 माह से 6 साल के बच्चों को न्यूट्रीशन देने, इफिशिएंसी मेजरमेंट मापन में गति लाने, कुपोषण दर में कमी लाने एवं लाभार्थियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बालिकाओं के लिए फंक्शनल टॉयलेट की सतत निगरानी एवं साफ सफाई एवं पेयजल सुविधा की उपलब्धता बढ़ाने हेतु सर्वे कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। पीएचई विभाग को पेयजल की शुद्धता के लिए सर्वे का निर्देश  दिया गया।
शिक्षा विभाग को छात्र उपस्थिति बढ़ाने, ड्रॉपआउट दर कम करने, अधिगम स्तर सुधारने तथा बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों में बालिकाओं के लिए कार्यशील शौचालय की स्थिति सुधारने पर जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सा विभाग को एफएमडी वैक्सीनेशन  कृषि, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक एवं वित्तीय समावेशन तथा बुनियादी अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति एवं संतृप्ति की समीक्षा की गई। सभी विभागों को समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने तथा प्रत्येक माह नियमित समीक्षा बैठक में प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि विकासखंड स्तर पर समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *