छत्तीसगढ़

आरंग विधानसभा में शिक्षा क्षेत्र को बड़ी सौगात


रायपुर, 13 फरवरी 2026/sns/- आरंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा क्षेत्र की पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शालाओं के लिए नवीन भवन निर्माण हेतु ₹1 करोड़ 53 लाख 92 हजार से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह स्वीकृति आरंग विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों का परिणाम है। मंत्री श्री साहेब ने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव तथा वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत आरंग विधानसभा क्षेत्र की कई शासकीय पूर्व माध्यमिक शालाओं के लिए नवीन भवनों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय के लिए ₹11.84 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त शासकीय प्राथमिक शाला, इंदिरा कॉलोनी, मंदिर हसौद के लिए ₹11.48 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।

नवीन भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे विद्यालयीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार अपेक्षित है।

जिन विद्यालयों को मिली स्वीकृति :-

* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लोधीपारा (आरंग)
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सदर रोड (आरंग)
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पचेड़ा
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चकवे
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिरबिरा
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गुल्लू
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुहेरा
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बकतरा
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोरसी
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोरासी
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरुंधति देवी (आरंग)
* शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भलेरा
* शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा कॉलोनी, मंदिर हसौद

मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। मजबूत शैक्षणिक अधोसंरचना भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाएगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *