छत्तीसगढ़

विधायक श्री विनायक गोयल ने फाइलेरिया और कृमि मुक्ति अभियान का किया शुभारंभ


जगदलपुर, 10 फरवरी 2026/sns/- जिले के अन्तर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और जिला स्तर पर गंभीर बीमारियों के उन्मूलन की दिशा में आज बस्तर ने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। धरमाउर में आयोजित विशेष गरिमामय कार्यक्रम में राष्ट्रीय फाइलेरिया (हाथीपांव) उन्मूलन एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिला स्तरीय सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम का शुभारंभ चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल ने किया।

कार्यक्रम का आरंभ अतिथियों द्वारा माता सरस्वती एवं भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जन-सामान्य के मन से संकोच दूर करने के लिए अतिथियों ने स्वयं दवा का सेवन किया और फाइलेरिया प्रभावित मरीजों को रुग्णता प्रबंधन एवं विकलांगता निवारण किट प्रदान की। विधायक श्री गोयल ने अपने संबोधन में इसे शासन की एक उत्कृष्ट पहल बताते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वस्थ भविष्य के लिए इस अभियान को सफल बनाएं। इस दौरान डॉ. संजय बसाक ने बताया कि हाथीपांव जैसी लाइलाज और गंभीर बीमारी को केवल निरंतर सावधानी और दवा सेवन से ही रोका जा सकता है। यह जीवन रक्षक दवाएं सभी सरकारी अस्पतालों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए नोडल अधिकारी डॉ. एसएस टेकाम एवं डॉ. सी. मैत्री ने बताया कि स्वास्थ्य दल घर-घर पहुंचकर लोगों को दवा उपलब्ध कराएंगे, जिसकी शुरुआत आज अतिथियों द्वारा बच्चों को दवा खिलाकर की गई।
कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ. श्रीपद जोशी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी और खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक विशेषज्ञ और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। स्वैच्छिक कार्यकर्ता श्री शिवनारायण पाण्डे के संचालन में चले इस कार्यक्रम का समापन सेक्टर चिकित्सा प्रभारी श्री विरेन्द्र गायकवाड़ के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, जहाँ बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने इस अभियान के प्रति अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *