छत्तीसगढ़

अधिकारियों के लिए कार्यालयीन व दौरा दिवस निर्धारित

दुर्ग, 10 फरवरी 2026/sns/- राज्य शासन ने अधिकारियों की कार्यालयीन उपस्थिति एवं क्षेत्र भ्रमण को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शासन के अनुसार विभिन्न विभागों के अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण एवं दौरा के कारण कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे थे तथा आम जनता से भेंट के समय में अनियमितता हो रही थी जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी अब प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने-अपने मुख्यालय एवं कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इन दिनों में कार्यालयीन नस्तियों का निराकरण, विभागीय समीक्षा एवं आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं क्षेत्रीय निरीक्षण, फील्ड विजिट एवं अन्य बाह्य कार्यों के लिए केवल गुरुवार एवं शुक्रवार निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों को अपने दौरा कार्यक्रम इसी समयावधि में तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष परिस्थितियों जैसे कानून-व्यवस्था, अत्यावश्यक शासकीय कार्य अथवा वरिष्ठ कार्यालय द्वारा आहूत बैठकों की स्थिति में ही इस समय-सारणी में परिवर्तन मान्य होगा। उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार का उल्लंघन अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *