छत्तीसगढ़

 शिक्षकों की पदोन्नति हेतु पात्रता सूची जारी

जगदलपुर, 05 फरवरी 2026/sns/- बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में पदोन्नति की बाट जोह रहे शिक्षकों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक ने एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्यवाही करते हुए पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों की सूची जारी कर दी है। विभाग द्वारा 01 अप्रैल 2024 की वरिष्ठता स्थिति को आधार मानते हुए संभाग के कुल 1595 शिक्षकों की पात्रता सूची बुधवार को जारी की गई है। विशेष बात यह है कि विभाग ने पदोन्नति हेतु रिक्त पदों के विरुद्ध दोगुनी संख्या में पात्र शिक्षकों की यह सूची जारी की है, ताकि चयन प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों का विश्लेषण करें तो इस सूची में सबसे अधिक नाम टी (ट्राइबल) संवर्ग के शिक्षकों का है। इसमें टी-संवर्ग (एलबी) के सर्वाधिक 1300 शिक्षक और टी-संवर्ग (नियमित) के 235 शिक्षक शामिल हैं, जबकि ई (एजुकेशन) संवर्ग से नियमित और एलबी श्रेणी के 30-30 शिक्षकों यानी कुल 60 शिक्षकों का नाम इस सूची में शामिल किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पात्र शिक्षकों की यह सूची संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है, जहाँ शिक्षक अपना नाम देख सकते हैं।
इस सूची के जारी होने के साथ ही पदोन्नति की प्रक्रिया अब अपने अगले और निर्णायक चरण में प्रवेश कर गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अब विभाग द्वारा 13 फरवरी तक इन पात्र शिक्षकों की गोपनीय चरित्रावली, चल-अचल संपत्ति का विवरण और मतांकन पूर्ण करने की कार्यवाही तेजी से की जाएगी। इन औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद 20 फरवरी को विभागीय पदोन्नति समिति की महत्वपूर्ण बैठक होगी और इसके तीन दिन बाद, यानी 23 फरवरी को अंतिम पदोन्नति आदेश जारी कर दिए जाएंगे। शिक्षकों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एक सकारात्मक निर्णय लिया है कि शिक्षकों को उनकी पसंद के स्कूल काउंसलिंग के जरिए आवंटित किए जाएंगे। पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद 2 मार्च से 5 मार्च के बीच काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी और अंततः 6 मार्च को शिक्षकों को नए स्कूलों में पदस्थापना दे दी जाएगी। पात्र शिक्षकों की सूची जारी होने से संभाग के शैक्षणिक जगत में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *