रायपुर 2फ़रवरी 26/sns /ग्राम भालूझूलन, तहसील कुरूद एवं ग्राम करेलीबड़ी, तहसील मगरलोड में नवीन औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना हेतु अधोसंरचना कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम आज दिनांक 02.02.2026 को ग्राम डांडेसरा, कुरूद में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अजय चंद्राकर, माननीय विधायक, कुरूद विधानसभा रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजीव अग्रवाल, माननीय अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) द्वारा की गई। दोनों अतिथियों के कर-कमलों से उक्त कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया गया।
साथ ही इस अवसर पर ग्राम कचना में छत्तीसगढ़ राज्य की पहली ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल आधारित डेडिकेटेड फ्लैटेड फैक्ट्री के निर्माण की घोषणा भी की गई, जिसकी अनुमानित लागत रु. 98.65 करोड़ है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ श्री विश्वेश कुमार, प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम द्वारा किया गया।
उन्होंने जानकारी दी कि ग्राम भालूझूलन में 11.00 हेक्टेयर भूमि पर रु. 7.94 करोड़ की लागत से औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जाएगी, जिसमें कुल 39 भू-खंड विकसित किए जाएंगे। इसी प्रकार ग्राम करेलीबड़ी में 14.00 हेक्टेयर भूमि पर रु. 8.67 करोड़ की लागत से औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिसमें कुल 36 आबंटन योग्य भू-खंड तैयार किए जाएंगे। इन औद्योगिक क्षेत्रों में विभिन्न उद्योगों की स्थापना से क्षेत्र का औद्योगिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक विकास होगा। लघु उद्योगों को विकसित अधोसंरचना उपलब्ध होगी, जिससे राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
माननीय विधायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज से विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय लोगों को उद्योगों में प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से ग्रामीण महिलाएं कैंटीन एवं अन्य लघु अनुशांगिक गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
माननीय अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को आकर्षित करने हेतु निरंतर इस प्रकार के औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना कर रही है, जिससे राज्य आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन रहा है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री गौकरण साहू, उपाध्यक्ष जिला पंचायत धमतरी, श्रीमती गीतेश्वरी साहू, जनपद अध्यक्ष कुरूद, श्रीमती ज्योति भानुचंद्राकर, अध्यक्ष नगरपालिका कुरूद, श्रीमती ज्योति हरख जैन, अध्यक्ष नगर पंचायत भखारा, श्रीमती हेमा ब्रह्मदत्त गन्नीर, सरपंच ग्राम पंचायत कन्हारपुरी/भालूझूलन, माननीय सरपंच डांडेसरा सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार, सीएसआईडीसी, कार्यपालक संचालक श्री संतोष भगत सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्थानीय राइस मिलर्स, उद्योगपति एवं 500 से अधिक ग्रामीण उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।








