सारंगढ़ बिलाईगढ़, 02 फरवरी 2026/sns/-प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा मूलचंद लोधी ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत सर्वहारा वर्ग के लिए बने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट पूर्ण रूप से किसान, गांव और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बजट है। इस बजट में किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक बनाने और कृषि से जुड़े हर वर्ग को लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बजट में किसानों के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं, जिनसे खेती करना आसान होगा और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी। कृषि क्षेत्र में नई तकनीक, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, फसल उत्पादन बढ़ाने के उपाय और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने से गांव की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।
लोधी ने कहा कि यह बजट किसानों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला है। सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसान देश की रीढ़ है और उसकी समृद्धि ही देश की समृद्धि है। किसानों को सस्ती दरों पर ऋण, कृषि उपकरणों पर सहायता, और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसे निर्णय सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि इस बजट से छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य केवल फसल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
अंत में मूलचंद लोधी ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बजट किसानों के सपनों को साकार करने वाला है और ग्रामीण भारत को नई दिशा देने वाला साबित होगा।

