छत्तीसगढ़

शासन की कृषक हितैषी नीतियों से किसानों में सरकार के प्रति बढ़ा विश्वास

राजनांदगांव, 31 जनवरी 2026/sns/-शासन की कृषक हितैषी नीतियों से किसानों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। मेहनतकश किसानों के जीवन स्तर का उन्नयन हुआ है और उनके जीवन में समृद्धि और खुशहाली आयी है। जिले में खेती किसानी कार्यों के प्रति जनमानस का रूझान बढ़ा है। शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की गई। धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ में अपने धान की बिक्री करने आए ग्राम बोदेला के कृषक श्री राजेन्द्र लिल्हारे ने बताया कि उनके पास कृषि भूमि है और उन्होंने 24 क्विंटल धान की बिक्री की है। उन्होंने कहा कि धान की बिक्री के लिए धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ में बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। उन्होंने संतुष्टि जाहिर करते हुए बताया कि धान बिक्री के बाद राशि जल्दी मिलने से प्रसन्नता है। उन्होंने बताया कि वे चने की फसल भी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा रबी की फसल की भी खरीदी की जाएगी। यह एक अच्छी पहल है, इसके लिए उन्होंने खुशी जाहिर की।
ग्राम खैरी के कृषक श्री मनमोहन वर्मा आज 60 किलो धान बिक्री के लिए लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि उनके पास 28 एकड़ कृषि भूमि है और इस वर्ष धान बिक्री से प्राप्त राशि से आगामी ग्रीष्म ऋतु में अपने बेटा-बेटी का विवाह करेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना से उनका जीवन स्तर अच्छा हुआ है और घर में खुशहाली आयी है। 4 एकड़ कृषि भूमि में उन्होंने खरबूजे की फसल लगाई है। शासन की ओर से सिंचाई के लिए ड्रिप मशीन प्राप्त हुई है। ग्राम खैरा के कृषक श्री हेमंत साहू ने कहा कि उनके पास 25 डिसमील जमीन है। वे 5 क्विंटल 20 किलो धान की बिक्री आज कर रहे हैं और धान की बिक्री से प्राप्त राशि को वह भविष्य के लिए बचत करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार रबी की फसल की भी खरीदी रही है, यह प्रशंसनीय है। किसानों ने धान खरीदी के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *