मुंगेली, 29 जनवरी 2026/sns/- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में संचालित आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अप्रारंभ एवं प्रगतिरत आवासों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 28 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के शेष पूर्ण हो सकने वाले आवासों तथा 2024-25 तक के प्रगतिरत आवासों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि योजना का मूल उद्देश्य जरूरतमंद हितग्राहियों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीईओ ने सभी जनपद पंचायतों को नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि हितग्राहियों को समय पर जानकारी एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे उन्हें योजना का पूर्ण लाभ मिल सके। सीईओ श्री पांडेय ने क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में क्लस्टर बनाकर विशेष निगरानी करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान डाड़गांव एवं सेनगुड़ा के आवास मित्र को कार्य में लापरवाही बरतने पर तत्काल सेवा समाप्ति के आदेश दिए गए, वहीं तरवरपुर एवं खपरी के आवास मित्र को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2024-25 के सभी अप्रारंभ आवासों को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ, बीसी एवं तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, ब्लॉक समन्वयक, तकनीकी सहायक, आवास मित्र सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

