बलौदाबाजार, 29 जनवरी 2026/sns/-छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर संभागीय संयुक्त संचालक कोष, लेखा एवं पेंशन रायपुर द्वारा पेंशन एवं वेतन निर्धारण सम्बधित लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु कैम्प का आयोजन जिला पंचायत सभाक़क्ष किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी सहित संभागीय संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन के सहायक संचालक दयाशंकर देवांगन,सहायक आतंरिक लेखा परीक्षण अधिकारी संदीप साहु एवं रामाधार साहु उपस्थित थे।
कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि यह महत्वपूर्ण शिविर है जिसके माध्यम से विभागों में अधिकारी कर्मचारियों के वेतन निर्धारण एवं पेंशन से सबंधित प्रकरणों का निराकरण किया जा सकता है। कई आपत्तियों का निराकरण नहीं होने से कर्मचारियों का पेंशन एवं वेतन निर्धारण लंबित रहता है। शिविर में दी जा रही जानकारियों को गंभीरतापूर्वक लें और निराकरण कराएं।
जिला कोषालय अधिकारी सौम्या शर्मा ने बताया कि शिविर में वेतन निर्धारण के कुल 112 एवं पेंशन के 13 प्रकरणों का निराकरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के आहारण एवं संवितरण अधिकारी सहित लेखा अधिकारी शामिल हुए।

