उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों से मेन रोड से रौचन मार्ग निर्माण कार्य की मिली स्वीकृति
कवर्धा, 28 जनवरी 2026/sns/- जिले के ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 1 करोड़ 72 लाख 71 हजार की लागत से मेन रोड से रौचन तक 4.67 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का आज विधिवत भूमिपूजन किया गया। यह स्वीकृति उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से प्राप्त हुई है। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, श्री नितेश अग्रवाल तथा श्री नंद श्रीवास ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को निरंतर मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के सतत और दृढ़ प्रयासों का ही परिणाम है कि कबीरधाम जिला आज शहर से लेकर गांव तक चौमुखी विकास की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
श्री नितेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा अत्यंत आवश्यक है। यह सड़क निर्माण कार्य स्थानीय नागरिकों की मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा क्षेत्र में निरंतर कराए जा रहे विकास कार्य इसका प्रमाण हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सड़क निर्माण कार्य को क्षेत्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने भी सड़क स्वीकृति एवं निर्माण प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इससे आवागमन सुगम होगा, समय की बचत होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच बेहतर होगी। यह सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर मेन रोड से रौचन के बीच आवागमन और भी सुगम हो जाएगा तथा आसपास के गांवों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

