छत्तीसगढ़

आदर्श ग्राम पंचायत कुंआंगांव बना “घुमंतु पशुधन मुक्त ग्राम पंचायत”

मुंगेली, 28 जनवरी 2026/sns/- जिला प्रशासन की अभिनव पहल “गौ सेवा संकल्प अभियान” से प्रेरित होकर ग्राम पंचायत कुंआंगांव ने घुमंतु पशुधन समस्या के समाधान की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। पंचायत द्वारा गांव को “घुमंतु पशुधन मुक्त ग्राम पंचायत” बनाने के उद्देश्य से ग्राम सुरक्षा गौ सेवा संरक्षण समिति का गठन किया गया है। समिति के माध्यम से गांव में लगभग 150 घुमंतु पशुओं को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने हेतु गौठान संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य किया जा रहा है।
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. आर. एम. त्रिपाठी ने बताया कि गौठान में पशुओं की सुरक्षा के लिए कटीले तारों से घेराबंदी, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था तथा बैठने व छांव हेतु वृक्षों की व्यवस्था की गई है। लगभग 05 एकड़ क्षेत्रफल में फैला यह गौठान पशुओं के सुरक्षित विचरण हेतु उपयुक्त बनाया गया है। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस पहल के परिणामस्वरूप किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान में कमी आएगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। साथ ही, योजना के तहत निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर पंचायत को छत्तीसगढ़ राज्य गो सेवा आयोग से अनुदान हेतु भी प्रेरित किया जाएगा। पशुधन विकास विभाग, मुंगेली द्वारा अन्य ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वे इसी प्रकार गांव में निराश्रित पशुओं के संरक्षण हेतु गौठानों में सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *