बलौदाबाजार, 28 जनवरी 2026/sns जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के उद्देश्य से आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर दीपक सोनी ने की। कलेक्टर सोनी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। जिले में 10 फ़रवरी से 25 फ़रवरी 2026 तक राष्ट्रीय फाइलेरिया उम्मुलन कार्यक्रम संचालित होग़ा। कलेक्टर सोनी ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयास से ही जिले को इस बीमारी से मुक्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित हो सके। बैठक में सभी विभाग अपने जिला एवं विकासखंड अधिकारियों को सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम की तिथि एवं गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के साथ प्रेषित करने जिला एवं विकासखंड के अधिकारी स्वयं दवा का सेवन करें तथा अपने परिवार के सदस्यों एवं पड़ोसियों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करने कहा गया। दवा खाने से इनकार करने वाले परिवारों को समझाने में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सहयोग प्रदान करने तथा दवा खाली पेट न खिलाने के निर्देश दिये गए।

